शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा “अधर्म करा रही है” और पूज्यनीय शंकराचार्य का अपमान किया गया है। इस मुद्दे पर सपा महासचिव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव ने भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव के बयान का समर्थन किया।
गुरुवार (22 जनवरी) को अखिलेश यादव लखनऊ के जनेश्वर पार्क पहुंचे थे, जहां उनके साथ शिवपाल यादव भी मौजूद थे। मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के पक्ष में तमाम सनातनी खड़े हैं, लेकिन भाजपा सरकार अधर्म करवा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारी भी भारी मन से नोटिस भेज रहे हैं और दबाव में काम करने को मजबूर हैं। अधिकारी पाप का भागी नहीं बनना चाहते, लेकिन सरकार के दबाव के कारण ऐसा हो रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य का सम्मान होना चाहिए और उन्हें गंगा स्नान से रोकना बड़ा अधर्म है। इस पूरे मामले की जिम्मेदारी भाजपा सरकार पर डालते हुए उन्होंने कहा कि अब तो भाजपा के भीतर से भी सवाल उठने लगे हैं। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि रास्ते में जितनी गोमती नदी गंदी दिखाई देती है, उससे ज्यादा भाजपा गंदी हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी साधु-संत का अपमान होगा और चाहे कोई भी सरकार हो, समाजवादी पार्टी उसके खिलाफ खड़ी होगी।
वहीं, शिवपाल यादव ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि संतों को लेकर भाजपा का रवैया दिखावटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा व्यवस्था के नाम पर केवल ढोंग करती है और शासन में संतों का अपमान हो रहा है। शिवपाल यादव ने कहा कि अगर शंकराचार्य का अपमान हुआ है तो भाजपा के लोग कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन जनता सब देख रही है।
@MUSKAN KUMARI







