महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुन लिया गया है और वह आज शाम पांच बजे महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगी। शनिवार सुबह वह अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंचीं। मुंबई के विधान भवन में दोपहर दो बजे हुई एनसीपी विधायक दल की बैठक में 40 विधायकों की मौजूदगी में उन्हें आधिकारिक तौर पर नेता चुना गया।
शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के लोक भवन (या राजभवन परिसर) में आयोजित किया जाएगा। शपथ से पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि महाराष्ट्र सरकार और महायुति गठबंधन एनसीपी के इस फैसले का पूर्ण समर्थन करेगा। एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने भी विधायक दल की बैठक से पहले सुनेत्रा पवार से मुलाकात की।
इस बीच, सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने की घोषणा के बाद एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय की चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगता दिख रहा है। बारामती स्थित शरद पवार के निवास गोविंद बाग में पार्टी नेताओं की अहम बैठक शुरू हो गई है, जिसमें सांसद सुप्रिया सुले, विधायक रोहित पवार, युगेंद्र पवार और संदीप क्षीरसागर शामिल हैं।
परिवार में मतभेद की अटकलों पर शरद पवार ने कहा कि परिवार में कोई समस्या नहीं है और संकट के समय परिवार एकजुट रहता है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सुनेत्रा पवार का डिप्टी सीएम बनना राज्य की राजनीति में नई दिशा तय कर सकता है।
@MUSKAN KUMARI







