सीएम रेखा गुप्ता ने जीबी पंत अस्पताल में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का किया उद्घाटन, मरीजों को बड़ी राहत

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राजधानी के जीबी पंत अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को अस्पताल में अत्याधुनिक 256-स्लाइस स्पेक्ट्रल सीटी स्कैन मशीन, न्यूरो कैथ लैब और 16-बेडेड न्यूरो आईसीयू का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को वर्ल्ड क्लास हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जीबी पंत अस्पताल हार्ट और न्यूरोलॉजी के मरीजों के इलाज के लिए देशभर में जाना जाता है। यहां उत्तर भारत का पहला 256-स्लाइस स्पेक्ट्रल सीटी स्कैनर लगाया गया है, जिसकी लागत करीब 20 करोड़ रुपये है। इससे अब हार्ट और न्यूरो के मरीजों को बाहर सीटी स्कैन कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय पर इलाज संभव हो सकेगा।

गौरतलब है कि इससे पहले अस्पताल की सीटी स्कैन और न्यूरो कैथ लैब मशीनें एक्सपायर हो चुकी थीं, जिसके कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नई 9 करोड़ रुपये की न्यूरो कैथ लैब से ब्रेन स्ट्रोक, एन्यूरिज्म और अन्य जटिल न्यूरोवैस्कुलर बीमारियों के इलाज में मदद मिलेगी, जिससे हर साल करीब 1200 मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं 2 करोड़ रुपये की लागत से बनी न्यूरो आईसीयू गंभीर मरीजों की देखभाल में अहम भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह और जीबी पंत अस्पताल के कार्यवाहक निदेशक डॉ. बीएल चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली का कोई भी मरीज इलाज के अभाव में परेशान न हो।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल