सासाराम में ‘चप्पल कांड’: जाम से नाराज महिलाओं ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

कलेक्ट्रेट गेट पर वाम दलों का प्रदर्शन बना हंगामे की वजह; 15 मिनट तक सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा

Sasaram में शुक्रवार को उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब सड़क जाम से नाराज दो महिलाओं ने प्रदर्शन कर रहे वाम दल के कार्यकर्ताओं पर चप्पलों की बरसात कर दी। कलेक्ट्रेट (समाहरणालय) के मुख्य द्वार के सामने हुई इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया।

जानकारी के अनुसार, भगत सिंह छात्र नौजवान सभा और वाम दलों के कार्यकर्ता विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। नारेबाजी और धरना के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था। इसी दौरान एक ऑटो वहां पहुंचा, जिसमें सवार दो महिलाएं जाम में फंस गईं।

रास्ता बंद देख महिलाएं गुस्से से भर उठीं। वे ऑटो से उतरीं और सीधे प्रदर्शनकारियों से उलझ गईं। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और महिलाओं ने चप्पल निकालकर प्रदर्शन कर रहे युवकों पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिलाओं ने कई युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर चप्पलों से पीटा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी अचानक बैकफुट पर आ गए, जबकि राहगीर इस पूरे घटनाक्रम को देखकर हैरान रह गए। करीब 15-20 मिनट तक समाहरणालय के पास हंगामे की स्थिति बनी रही।

बाद में स्थानीय लोगों और कुछ प्रदर्शनकारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। समझाने-बुझाने के बाद महिलाएं वापस ऑटो में बैठीं और वहां से रवाना हो गईं।

मारपीट करने वाली महिला कोमल देवी ने कहा कि उन्हें जरूरी काम से जाना था, लेकिन सड़क जाम के कारण वे फंस गई थीं। कई बार कहने के बावजूद रास्ता नहीं मिला, जिससे गुस्से में आकर उन्होंने यह कदम उठाया।

इस घटना के बाद इलाके में देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल