नई दिल्ली से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। समयपुर बादली के चंदन पार्क इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया और सभी की गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस घर के अंदर का मंजर देखकर स्तब्ध रह गई। महिला और तीनों बच्चों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े थे।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल को सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत जुटाए जा रहे हैं। हत्याओं के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI






