संजय सरावगी बने बिहार भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, पटना में भव्य रोड शो के साथ पदभार ग्रहण

दरभंगा नगर विधानसभा सीट से छह बार विधायक रहे संजय सरावगी ने बिहार भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है। पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेश कार्यालय पहुँचने से पहले संजय सरावगी ने पटना के बेली रोड स्थित अंबेडकर प्रतिमा से भाजपा कार्यालय तक भव्य रोड शो किया। रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पारंपरिक अंदाज़ में उनका स्वागत किया। महिलाओं ने शंखनाद किया, पुष्प वर्षा की गई और हाथी, घोड़े व बैंड-बाजे के साथ पटना की सड़कों पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। नए प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में करीब आठ हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता पार्टी झंडे थामे सड़कों पर मौजूद रहे।

पदभार ग्रहण करने के बाद संजय सरावगी ने कहा कि वे संगठन की जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि कार्यकर्ताओं की आवाज सरकार तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष नीतीश सरकार के कैबिनेट विस्तार के दौरान संजय सरावगी को पहली बार मंत्री बनाया गया था, लेकिन बाद में उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर रखा गया। उसी समय यह अटकलें तेज हो गई थीं कि उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है, जो अब सच साबित हुई है।

संजय सरावगी का राजनीतिक सफर लंबा और सशक्त रहा है। उन्होंने वर्ष 2005 में पहली बार दरभंगा नगर सीट से विधानसभा चुनाव जीतकर सदन में प्रवेश किया। इसके बाद नवंबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज कर वे छह बार विधायक चुने गए। वह दरभंगा नगर निगम के उपमहापौर भी रह चुके हैं और उनकी छवि एक साफ-सुथरे व जनप्रिय नेता के रूप में मानी जाती है। वर्ष 2018 में उन्हें विधानसभा की प्राक्कलन समिति का अध्यक्ष भी बनाया गया था।

55 वर्षीय संजय सरावगी मूल रूप से दरभंगा के गांधी चौक क्षेत्र के निवासी हैं। उनका जन्म 28 अगस्त 1969 को हुआ था। उन्होंने एमकॉम और एमबीए की पढ़ाई की है और छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के माध्यम से छात्र राजनीति में कदम रखा और वर्ष 1995 में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वैश्य समुदाय से आने वाले संजय सरावगी का मिथिलांचल, विशेषकर दरभंगा क्षेत्र की राजनीति में खासा प्रभाव माना जाता है और वे कारोबारी वर्ग के बीच भी मजबूत पकड़ रखते हैं।

@Tanya Singh

BiharlocalDesk
Author: BiharlocalDesk

ASAIN TIMES NEWS NETWORK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल