फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत पुनपुन नदी के सुरक्षा तटबंध के किनारे शुक्रवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने एक लाल रंग की कार को पलटा हुआ देखा। वाहन के चारों ओर बड़ी मात्रा में पाउच में भरी देसी महुआ शराब बिखरी और बहती नजर आई। यह घटना धनकी गांव के समीप की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में भारी मात्रा में देसी शराब लदी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान शराब से भरे कई पाउच फट गए, जिससे सड़क और तटबंध के किनारे शराब फैल गई। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार शराब तस्कर मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही जयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने पलटी हुई कार को अपने कब्जे में लेकर इलाके की घेराबंदी की तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं, जानीपुर थाना पुलिस ने सड़क पर पलटे वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया, ताकि किसी अन्य दुर्घटना की आशंका न रहे।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)







