बिहार में लागू शराबबंदी के बावजूद राज्य में शराब की तस्करी और सेवन की खबरें लगातार सामने आती रहती हैं। इसी बीच राजधानी पटना से एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कुछ अधिकारियों की कथित शराब पार्टी करते हुए तस्वीरें सामने आई हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो होली के आसपास का है। वीडियो में कुछ लोग टेबल के आसपास बैठे नजर आ रहे हैं और उनके हाथों में गिलास दिखाई दे रहे हैं, जिनमें शराब जैसा पेय पदार्थ बताया जा रहा है। वहीं टेबल के नीचे शराब की बोतल भी दिखाई दे रही है। टेबल पर सिगरेट के पैकेट और प्लेट में चखना भी रखा हुआ है, जिसे लोग शराब पीने के साथ खाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में मौजूद लोगों के बारे में दावा किया जा रहा है कि उनमें से एक व्यक्ति जिला स्वास्थ्य समिति, पटना के जिला मूल्यांकन पदाधिकारी भानू शर्मा हैं, जबकि दूसरा व्यक्ति जिला स्वास्थ्य समिति में डाटा ऑपरेटर मनिंद्र कुमार बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह कथित शराब पार्टी पटना के आरपीएस मोड़ के पास आयोजित की गई थी।
हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके वायरल होने के बाद शराबबंदी को लेकर राज्य सरकार के दावों पर सवाल उठने लगे हैं। एक ओर सरकार शराबबंदी को सख्ती से लागू करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर सरकारी अधिकारियों पर ही कानून की धज्जियां उड़ाने के आरोप सामने आ रहे हैं।
@MUSKAN KUMARI






