उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा के लोग ऐसे आयोजनों का समर्थन करते हैं, जो भारत की संस्कृति के विरुद्ध रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किया और ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संभल, बरेली, बौद्ध तीर्थ स्थलों, प्रयागराज, काशी (वाराणसी) और मथुरा समेत प्रमुख तीर्थों के विकास पर काम कर रही है, जिससे प्रदेश की नई पहचान बन रही है।
किसान और अर्थव्यवस्था पर भी जोर
सीएम योगी ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, लेकिन अब देश की जीडीपी में प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 9.5 फीसदी हो गई है और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े आठ वर्षों में कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया, बल्कि टैक्स चोरी पर रोक लगाई गई है और प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस की स्थिति में है।
कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले किसानों के लिए स्पष्ट नीति नहीं थी और उन्हें सिर्फ वोट बैंक की तरह देखा जाता था। अब लागत कम और उत्पादन अधिक हुआ है, जबकि सरकारी योजनाओं का लाभ डीबीटी के जरिए सीधे किसानों के खातों में पहुंच रहा है।
@MUSKAN KUMARI







