संसद की कार्यवाही के दौरान मंगलवार को लोकसभा में सदन की मर्यादा टूटने का गंभीर मामला सामने आया। हंगामे के बीच कुछ सांसदों द्वारा स्पीकर की कुर्सी की ओर कागज फेंके गए, जिसके बाद कड़ा रुख अपनाते हुए छह सांसदों को सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। भारी शोर-शराबे और विरोध के चलते लोकसभा की कार्यवाही कई बार बाधित हुई और अंततः बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
दोपहर तीन बजे जब चौथी बार कार्यवाही शुरू हुई, तो पीठासीन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्पीकर की ओर कागज फेंकने वाले सांसदों के नाम दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने ऐसे सदस्यों को निलंबित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। इसके बावजूद हंगामा थमता नजर नहीं आया।
इससे पहले राहुल गांधी को बोलने की अनुमति न मिलने पर विवाद और गहरा गया। पीठासीन अधिकारी द्वारा अगले वक्ताओं के नाम पुकारे जाने पर विपक्षी दलों ने आपत्ति जताई। समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी सांसदों ने भी बोलने से इनकार कर दिया। विरोध जताते हुए कई सांसद वेल में पहुंच गए, नारेबाजी की और स्पीकर की कुर्सी की ओर कागज उछाले। हालात बेकाबू होते देख अंततः संबंधित सांसदों पर कार्रवाई की गई।
@MUSKAN KUMARI







