लखनऊ “विदाई के बहाने बुलाया, फिर चाकू से गोदकर दामाद की हत्या”

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। ससुराल आए 24 वर्षीय दामाद की कथित रूप से ससुर और सालों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, फिर पेट और सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रेम विवाह बना विवाद की जड़

मृतक की पहचान रामसागर (24) के रूप में हुई है। वह माधव टांडा, जनपद पीलीभीत का रहने वाला था। दो साल पहले उसने लालता खेड़ा गांव की रहने वाली कामिनी से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि लड़की के मायके वाले इस शादी का विरोध कर रहे थे और इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया।

विदाई के बहाने बुलाकर हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामसागर को ससुराल पक्ष ने “विदाई” के बहाने गांव बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचते ही कहासुनी हुई और ससुर व सालों ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद पेट और सीने में चाकू से वार किए गए।

रामसागर के साथ आया उसका भाई भी हमले में घायल हो गया है। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही काकोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ससुर और सालों समेत कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

गांव में तनाव, सुरक्षा बढ़ी

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों और वार की प्रकृति की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल प्रेम विवाह को लेकर पारिवारिक विरोध ही हत्या की मुख्य वजह मानी जा रही है।


(एशियन टाइम्स ब्यूरो, लखनऊ)

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल