लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला करेंगे उद्घाटन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल प्रमुख अतिथि; अयोध्या दर्शन भी शामिल
लखनऊ में अगले वर्ष 19 से 21 जनवरी तक देशभर के विधानसभा अध्यक्षों तथा विधान परिषद सभापतियों का तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला करेंगे, जबकि समापन सत्र में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि इस सम्मेलन में सभी राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के 31 विधानसभा अध्यक्ष और छह विधान परिषद सभापति हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के दौरान संसदीय प्रक्रियाओं, लोकतांत्रिक संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण और विधायी कार्यों से जुड़े अहम विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय व स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहेंगे। सम्मेलन के समापन के बाद सभी प्रतिनिधियों के लिए 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन का कार्यक्रम भी रखा गया है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने हाल ही में संपन्न शीतकालीन सत्र की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 19 से 24 दिसंबर तक चले सत्र में सदन की कार्यवाही एक बार भी स्थगित नहीं हुई और सभी निर्धारित विधायी कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए।
@MUSKAN KUMARI







