होली मिलने जा रहे परिवार की बाइक को SUV ने मारी टक्कर, बुलेट कार के इंजन में जा घुसी
लखनऊ | एशियन टाइम्स रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में ससुर और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बुलेट मोटरसाइकिल टक्कर के बाद SUV के इंजन में घुस गई और कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के किसान पथ पर गुरुवार करीब दोपहर डेढ़ बजे हुई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मौके पर ही हुई ससुर-दामाद की मौत
पुलिस के अनुसार बाइक सवार सुशील कुमार (46) और उनके ससुर मुन्नीलाल (62) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मोहनलालगंज के गोपाल खेड़ा निवासी बताए जा रहे हैं।
बाइक पर मौजूद सुशील की पत्नी सुशीला गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद वह खून से लथपथ सड़क पर पड़ी मिलीं। पुलिस ने तुरंत उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
होली मिलने जा रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि सुशील कुमार मूल रूप से बाराबंकी जिले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र के लदही का पुरवा गांव के रहने वाले थे। पिछले कई वर्षों से वह मोहनलालगंज के गोपाल खेड़ा में अपनी ससुराल में रह रहे थे।
गुरुवार को वह अपने ससुर मुन्नीलाल और पत्नी सुशीला के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से सूर्या मऊ गांव एक रिश्तेदार के घर होली मिलने जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक लदहीखेड़ा गांव के पास सर्विस लेन से किसान पथ हाईवे पर चढ़ी, उसी समय उल्टी दिशा से आ रही तेज रफ्तार SUV से उनकी सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि बुलेट कार में घुस गई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट बाइक सीधे SUV के इंजन में जा घुसी। टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए किसान पथ पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और गलत दिशा से वाहन आने की बात सामने आ रही है।
सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और SUV चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
राजधानी लखनऊ में पिछले कुछ समय से किसान पथ और अन्य हाईवे पर तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि हाईवे पर ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, तो ऐसे दर्दनाक हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
(एशियन टाइम्स)
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)







