लखनऊ में दर्दनाक सड़क हादसा: बीएससी छात्रा खुशी शुक्ला की मौत, अज्ञात वाहन चालक फरार

लखनऊ | एशियन टाइम्स ब्यूरो

राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीएससी की छात्रा की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने छात्रा की स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

बाजार से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित न्यू आजाद नगर निवासी खुशी शुक्ला (21) अपनी छोटी बहन रुचि के साथ मड़ियांव के आईआईएम रोड स्थित यादव चौराहा के पास अपने ननिहाल में रहती थी। खुशी एक प्राइवेट कॉलेज में बीएससी सेकेंड सेमेस्टर की छात्रा थी।

परिजनों के मुताबिक गुरुवार शाम करीब 5 बजे खुशी स्कूटी से बाजार खरीदारी करने गई थी। जब वह बाजार से वापस घर लौट रही थी, तभी आईआईएम रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी

मौके से फरार हुआ चालक

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही खुशी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय छात्रा ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट आई।

टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को ट्रॉमा सेंटर भेजा। साथ ही उसके मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान खुशी शुक्ला की मौत हो गई

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मामा अनमोल अवस्थी के अनुसार खुशी की मां आरती शुक्ला की चार साल पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि उसके पिता कानपुर में प्राइवेट नौकरी करते हैं। बेटी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस का बयान

मड़ियांव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार और हेलमेट न पहनने जैसी लापरवाही कई बार जानलेवा साबित हो जाती है।

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल