Ayesha Ahmad
मुंबई : बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह घटना मुंबई के जुहू इलाके में रविवार देर रात करीब 12:40 से 1 बजे के बीच हुई, जब अज्ञात व्यक्ति ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच राउंड गोलियां चलाईं।
घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है, जिससे राहत की बात है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग के समय रोहित शेट्टी अपने घर में मौजूद थे।
एक ही आरोपी की आशंका, CCTV खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग की घटना में केवल एक व्यक्ति शामिल था। मुंबई पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को घटनास्थल के आसपास टहलते और सिगरेट पीते हुए देखा गया है। हालांकि, फायरिंग के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस और क्राइम ब्रांच अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही जुहू पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। इस मामले को लेकर मुंबई पुलिस की एक उच्चस्तरीय बैठक भी चल रही है।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद रोहित शेट्टी के जुहू स्थित टावर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर सतर्क हैं।
बॉलीवुड में पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले 2024 में अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर भी फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें बाइक सवार हमलावर गोलियां चलाकर फरार हो गए थे। उस मामले ने भी देशभर में हलचल मचा दी थी।
कौन हैं रोहित शेट्टी
रोहित शेट्टी भारतीय फिल्म उद्योग के जाने-माने निर्देशक हैं। उन्होंने ‘गोलमाल’ और ‘सिंघम’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में दी हैं और एक बड़ा फैन बेस रखते हैं।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Author: BiharlocalDesk
ASAIN TIMES NEWS NETWORK







