जद (यू) प्रदेश अध्यक्ष बोले – नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की फिर होगी विजय
पटना,
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में हुई रिकॉर्डतोड़ मतदान पर जनता दल (यू) के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बिहारवासियों को बधाई और धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारी संख्या में लोगों द्वारा मतदान लोकतंत्र के प्रति जनता की गहरी आस्था, सजगता और जिम्मेदारी का प्रमाण है।
कुशवाहा ने कहा कि यह ऐतिहासिक मतदान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति जनता के अटूट विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। बीते दो दशकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के पथ पर अग्रसर किया है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण के क्षेत्र में जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उन्होंने जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने विकास और स्थिरता के पक्ष में एकजुट होकर मतदान कर स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य अब पीछे मुड़कर देखने वाला नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि 14 नवम्बर को जनता अपने मत से सुशासन, प्रगति और विश्वास की नई कहानी लिखेगी। उन्होंने कहा कि जनता का यह अभूतपूर्व जनसमर्थन बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
@MUSKAN KUMARI







