रामपुर (यूपी):
उत्तर प्रदेश के Rampur के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की शिव विहार कॉलोनी में परिषदीय स्कूल की शिक्षिका की मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि शिक्षिका की हत्या उसके पति ने मुंह दबाकर की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति राहुल के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
मृतका एकता उर्फ पूजा, जो Muzaffarnagar के खतौली थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं, चमरौवा ब्लॉक के ठाकुरद्वारा स्थित परिषदीय स्कूल में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। वह पिछले करीब दो वर्षों से अपने पति और बच्चे के साथ किराये के मकान में रह रही थीं।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सोमवार सुबह दूध सप्लाई करने वाला व्यक्ति घर पहुंचा, लेकिन काफी आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मकान मालिक को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खोलकर देखा तो शिक्षिका का शव निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा मिला।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम के बाद मामला हत्या का निकला। Anurag Singh (अपर पुलिस अधीक्षक) ने बताया कि शनिवार को आरोपी राहुल रामपुर आया था। रात में पत्नी के साथ विवाद हुआ, जिसके बाद उसने मुंह दबाकर हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और पहले भी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो चुका है। घटना के बाद वह मेरठ के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने किराये के कमरे को सील कर दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
@MUSKAN KUMARI







