पटना के मनेर थाना क्षेत्र में दो गुटों में भिड़ंत, चार घायल; 25 से ज्यादा हिरासत में
पटना:
रामनवमी से ठीक पहले बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र स्थित छितनावां गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बच्चों के बीच शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते दो गुटों की खूनी भिड़ंत में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पांच दिन पहले आर्यन और करण के बीच हुई कहासुनी ने विवाद को जन्म दिया था। गुरुवार को इसी रंजिश में आर्यन अपने साथियों के साथ करण गुट के वीर कुमार पर हमला करने पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और मामला गैंगवार जैसा हो गया।
बीच-बचाव में महिला घायल
घटना के दौरान गांव में चल रहे यज्ञ से लौट रही रूबी कुमारी बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन पत्थर और डंडों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर में चोट लगने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
फायरिंग और पत्थरबाजी से हड़कंप
देखते ही देखते दोनों गुट आमने-सामने आ गए और करीब आधे घंटे तक गांव जंग का मैदान बना रहा। इस दौरान पांच राउंड फायरिंग की गई और देसी कट्टों से गोलियां चलाई गईं। साथ ही जमकर पत्थरबाजी भी हुई। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में भी उपद्रवी नहीं रुके, जिसके बाद हालात काबू करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
चार लोग घायल, हथियार बरामद
इस हिंसक झड़प में विशाल कुमार, साहिल, केवल राय और रूबी देवी समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दो देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और पांच खोखा बरामद किया है, जिससे घटना के पूर्व नियोजित होने की आशंका जताई जा रही है।
25 से अधिक हिरासत में, इलाके में तनाव
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें पांच महिलाएं भी शामिल हैं। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज करने और उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
@MUSKAN KUMARI






