पटना।
रामनवमी के मौके पर राजधानी पटना में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है, जो आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि महावीर मंदिर के आसपास 26 मार्च रात 8 बजे से 27 मार्च रात 11 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की एंट्री केवल वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी गेट से होगी। यहां से लंबी कतार जीपीओ गोलंबर होते हुए मंदिर तक पहुंचेगी, जबकि दर्शन के बाद निकासी डाकबंगला और गोरियाटोली रोड की ओर से की जाएगी।
इस दौरान आर ब्लॉक से जीपीओ और पटना जंक्शन की ओर जाने वाले सभी वाहनों पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही महावीर मंदिर के आसपास का पूरा इलाका और पटना जंक्शन गोलंबर से वीणा सिनेमा रोड तक का क्षेत्र नो-एंट्री ज़ोन घोषित कर दिया गया है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित रूट पर जाने की कोशिश करने वालों को जबरन यू-टर्न कराया जाएगा। गोरियाटोली और करबिगहिया की ओर से आने वाले वाहन भी सीधे स्टेशन नहीं जा सकेंगे और उन्हें जमाल रोड से वापस लौटना होगा। डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन तक का मार्ग भी पूरी तरह बंद रहेगा।
वैकल्पिक रास्तों के रूप में एग्जीबिशन रोड और करबिगहिया रूट सुझाए गए हैं, लेकिन वहां भी भारी भीड़ और जाम की आशंका जताई जा रही है। शाम 5 बजे के बाद झांकियों के शुरू होते ही यातायात व्यवस्था और सख्त हो जाएगी। ऑटो और ई-रिक्शा पर आयकर गोलंबर की दिशा में पूरी तरह रोक रहेगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले रूट और समय की सही योजना बना लें, ताकि आस्था के इस पर्व के बीच ट्रैफिक की परेशानी से बचा जा सके।
@MUSKAN KUMARI






