मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित किदवई नगर में सोमवार रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। आग में फंसने से मां समेत पांच बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम और अफरातफरी का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक ऊंचा पीर निवासी इकबाल अंसारी के परिवार के पुरुष सदस्य रात करीब साढ़े आठ बजे नमाज पढ़ने मस्जिद गए हुए थे। इसी दौरान मकान की पहली मंजिल पर अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और निचले हिस्से में बने कपड़ों के गोदाम ने कुछ ही मिनटों में आग को विकराल बना दिया।
आग की तेज लपटें देखकर घबराई आसिम की पत्नी रुखसार अपने दो जुड़वा बेटियों नबिया और इनायत, बेटे अकदस और भतीजे-भतीजी हम्माद व महविश को लेकर दूसरी मंजिल के कमरे में चली गई और खुद को बंद कर लिया। लेकिन आग तेजी से फैलते हुए वहां तक पहुंच गई। कमरे में फंसे बच्चे और महिला खिड़की खोलकर चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन भीषण आग के कारण कोई भी अंदर नहीं पहुंच सका।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन लपटों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बचाव संभव नहीं हो सका। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां पहुंचीं और पड़ोसी मकानों की छतों के सहारे अंदर पहुंचकर अचेत अवस्था में सभी को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत राजधारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घर के भीतर से बच्चों की चीखें सुनकर पूरा मोहल्ला सहम गया था। आग बुझने के बाद मकान में सिर्फ राख और जले सामान का ढेर मिला। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आग ने कुछ ही देर में मकान की तीनों मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया था। लोगों ने पानी डालकर और अंदर पहुंचने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
@MUSKAN KUMARI






