मुजफ्फरपुर में रोड रेज बना जानलेवा, ऑटो चालक पर दिनदहाड़े फायरिंग

कांटी थाना क्षेत्र में 24 घंटे में दूसरी गोलीबारी; NH-27 पर साइड देने में देरी पर बदमाशों ने चलाई गोली

मुजफ्फरपुर | 

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। कांटी थाना क्षेत्र में महज 24 घंटे के भीतर दूसरी गोलीबारी की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला छपरा काली मंदिर के पास का है, जहां दिनदहाड़े कार सवार बदमाशों ने एक ऑटो चालक पर गोली चला दी।

जानकारी के अनुसार, सरैया थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवासी ऑटो चालक सुधीर कुमार सवारी लेकर मुजफ्फरपुर से कांटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान NH-27 पर एक कार सवार लगातार साइड मांग रहा था, लेकिन ट्रैफिक के कारण थोड़ी देरी हो गई। इसी बात पर गुस्साए बदमाशों ने आगे जाकर ऑटो को रुकवाया और सुधीर कुमार पर फायरिंग कर दी।

गोली चालक की आंख के बेहद करीब से गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर बिहार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी इलाके में कपरपुरा रेलवे गुमटी के पास गोलीबारी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जाने में जुटी है, लेकिन सड़क पर बढ़ती ‘रोड रेज’ की घटनाएं आम लोगों के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल