पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचकर प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने अपनी माताश्री स्व० परमेश्वरी देवी जी की पुण्य तिथि के अवसर पर नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका में स्थापित स्व० परमेश्वरी देवी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने पिता कविराज स्व० रामलखन सिंह जी एवं धर्मपत्नी स्व० मंजू सिन्हा जी की प्रतिमाओं पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री के साथ उनके बड़े भाई श्री सतीश कुमार, पुत्र श्री निशान्त कुमार एवं अन्य परिजनों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, सांसद श्री कौशलेन्द्र कुमार, विधायक डॉ० जितेन्द्र कुमार, विधायक श्री रूहेल रंजन, विधायक श्री शुभानंद मुकेश, विधान पार्षद श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में शुभचिंतक उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने कल्याण बिगहा स्थित भगवती मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांव के तालाब में मछलियों को दाना भी डाला। गांव एवं आसपास के क्षेत्र के लोग मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर अत्यंत प्रसन्न नजर आए।
@MUSKAN KUMARI







