मुंगेर, बिहार
बिहार विधानसभा चुनाव के सबसे हाईप्रोफाइल मुकाबलों में से एक मानी जा रही मुंगेर विधानसभा सीट पर मतदान से ठीक पहले आज एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर सामने आया। जन सुराज अभियान से जुड़े और प्रशांत किशोर के करीबी माने जाने वाले संजय सिंह ने अचानक भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। यह घटनाक्रम मतदान से एक दिन पहले हुआ, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि जन सुराज ने यह सीट चुनाव शुरू होने से पहले ही खो दी है।
सूत्रों के अनुसार संजय सिंह ने भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय की मौजूदगी में औपचारिक रूप से भाजपा ज्वाइन की और सार्वजनिक रूप से एनडीए का समर्थन घोषित किया। संजय सिंह का कहना है कि वे “विकास और स्थिर शासन” के एजेंडे को लेकर भाजपा के साथ आए हैं और नरेंद्र मोदी व एनडीए की नीतियों से प्रभावित हैं।
उधर जन सुराज की तरफ से इस कदम को “अचानक निजी निर्णय” बताया जा रहा है। संगठन के कुछ पदाधिकारियों ने कहा कि संजय सिंह का यह फैसला जन सुराज के दीर्घकालिक मिशन से अलग है, और चुनावी मौके पर लिया गया यह निर्णय “राजनीतिक स्वार्थ का कदम” भी माना जा सकता है।
मुंगेर में यह राजनीतिक घटनाक्रम भाजपा के लिए बड़ा लाभकारी माना जा रहा है, क्योंकि जन सुराज को काटने वाली वोटबैंक अब सीधे भाजपा को लाभ पहुंचा सकती है। मीडिया-विश्लेषकों का मानना है कि मुंगेर सीट पर यह उलटफेर NDA के पक्ष में “टर्निंग प्वाइंट” साबित हो सकता है।
@MUSKAN KUMARI







