मालदा/सिलीगुड़ी:
मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों के घेराव मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले के कथित मास्टरमाइंड वकील मोफक्करुल इस्लाम को बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह फ्लाइट से फरार होने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी कालियाचक की घटना का मुख्य साजिशकर्ता है। बुधवार रात हुई इस घटना में सात न्यायिक अधिकारियों को बीडीओ कार्यालय के अंदर कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया था।
पुलिस ने जानकारी दी है कि इस मामले में अब तक एक इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) उम्मीदवार समेत कुल 33 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।
यह घटना मोथाबारी विधानसभा क्षेत्र के कालियाचक-II ब्लॉक कार्यालय में हुई थी, जहां वोटर लिस्ट से नाम हटाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अधिकारियों को करीब साढ़े सात घंटे तक घेरकर रखा।
बुधवार आधी रात के करीब सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर सभी न्यायिक अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
@MUSKAN KUMARI






