लखनऊ में बुधवार को मायावती ने बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने गठबंधन की चर्चाओं को पूरी तरह फेक न्यूज बताते हुए खारिज कर दिया।
मायावती ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करने के बजाय इन दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को सफलता की कुंजी बताने की स्वार्थी चर्चाएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, विरोधी दल बसपा को सत्ता से दूर रखने के लिए साजिशें तेज करेंगे।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे डॉ. भीमराव अंबेडकर के आत्मसम्मान आंदोलन को मजबूत करें और पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी करें। साथ ही उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी की सोच को संकीर्ण और अंबेडकर विरोधी बताया।
सुरक्षा को लेकर बयान देते हुए मायावती ने कहा कि लंबे समय बाद उन्हें दिल्ली में टाइप-8 बंगला मिला है, जिसे उन्होंने स्वीकार किया है। उन्होंने 1995 के स्टेट गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए कहा कि सुरक्षा खतरा अब भी बना हुआ है।
@MUSKAN KUMARI







