मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के महावन क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना तहसील महावन अंतर्गत ग्राम खप्परपुर की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतकों में 35 वर्षीय किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा, दो बेटियां हनी और प्रियांशी तथा दो वर्षीय बेटा पंकज शामिल हैं। परिवार के सभी सदस्यों के शव घर के अंदर मिले हैं। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जबकि घर की दीवार पर लिखा मिला—“अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं।”
बताया गया है कि मनीष की शादी आठ वर्ष पहले सादाबाद क्षेत्र के मड़नई गांव में हुई थी। मनीष के दो भाई भी गांव में अलग-अलग मकानों में रहते हैं, जबकि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ इसी घर में रह रहा था। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीमा के पिता विजेंद्र भी गांव पहुंचे। बेटी, दामाद और मासूम नाती-नातिनों की मौत की खबर से वह फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने बताया कि वह एक दिन पहले ही बेटी और दामाद से मिलकर लौटे थे और किसी तरह की बड़ी परेशानी का अंदेशा नहीं था। हालांकि, उन्होंने यह जरूर बताया कि कुछ समय से मनीष का अपने भाई बिल्लू के साथ विवाद चल रहा था।
फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट, पारिवारिक हालात और आपसी विवाद सहित सभी बिंदुओं की जांच कर रही है, ताकि इस सामूहिक आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
@MUSKAN KUMARI







