भारत-ब्राजील रिश्तों को नई रफ्तार: पीएम मोदी और लूला दा सिल्वा की मुलाकात, बड़े व्यापार समझौते की उम्मीद

नई दिल्ली: ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस अहम द्विपक्षीय बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने के लिए बड़े समझौतों पर मुहर लग सकती है। लूला दा सिल्वा प्रधानमंत्री के न्योते पर 18 से 22 फरवरी तक भारत के राजकीय दौरे पर हैं।

राष्ट्रपति का राजधानी स्थित राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया, जहां द्रौपदी मुर्मू ने दोनों देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल का परिचय कराया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहे।

व्यापार बढ़ाने पर जोर

एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में लूला दा सिल्वा ने कहा कि दोनों देशों के बीच मौजूदा व्यापार करीब 15 अरब डॉलर है, जिसे 30–40 अरब डॉलर तक बढ़ाया जाना चाहिए। वे 260 ब्राजीलियाई व्यवसायियों के साथ भारत आए हैं, ताकि अंतरिक्ष, रक्षा और फार्मा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को विस्तार दिया जा सके। ब्राजील की प्रमुख एयरोस्पेस कंपनी एम्ब्रेयर भारत में उत्पादन संयंत्र स्थापित करने की योजना पर भी काम कर रही है।

क्रिटिकल और रेयर अर्थ मिनरल्स पर बड़ा समझौता संभव

प्रधानमंत्री मोदी और ब्राजीली राष्ट्रपति के बीच होने वाली बैठक में महत्वपूर्ण खनिज और रेयर अर्थ्स पर एक रणनीतिक समझौते की संभावना है। यह साझेदारी वैश्विक सप्लाई चेन में चीन पर निर्भरता कम करने, ग्रीन एनर्जी ट्रांजिशन को बढ़ावा देने और विकासशील देशों की भूमिका मजबूत करने में अहम मानी जा रही है। ब्राजील दुनिया के सबसे बड़े रेयर अर्थ भंडार वाले देशों में शामिल है, जहां लगभग 21 मिलियन मीट्रिक टन का विशाल भंडार मौजूद है।

कई क्षेत्रों में सहयोग पर फोकस

दोनों नेताओं की बैठक में रक्षा, ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रणनीतिक संसाधनों जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। भारत यात्रा के बाद लूला दा सिल्वा 22 फरवरी को दक्षिण कोरिया के लिए रवाना होंगे।

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल