भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि दोनों देश अगले चार से पांच दिनों में संयुक्त बयान (जॉइंट स्टेटमेंट) पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। इसके बाद समझौते को औपचारिक रूप देने की प्रक्रिया तेज होगी और मार्च के मध्य तक पहले चरण के फॉर्मल एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
मंत्री ने कहा कि जॉइंट स्टेटमेंट जारी होने के बाद ट्रंप प्रशासन अमेरिकी टैरिफ को 18 प्रतिशत तक घटाने के लिए एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका के साथ बढ़ते कारोबारी सहयोग के तहत अमेरिकी विमान, इंजन और अन्य उत्पादों के लिए भारत के ऑर्डर 100 अरब डॉलर से अधिक हो सकते हैं।
पीयूष गोयल ने भारत-जीसीसी मुक्त व्यापार समझौते के टर्म्स ऑफ रेफरेंस पर हस्ताक्षर के दौरान कहा कि यह समझौता वस्तुओं और सेवाओं के मुक्त प्रवाह को बढ़ावा देगा। इससे एमएसएमई, किसान, मछुआरे, युवा और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका एक-दूसरे की पूरक अर्थव्यवस्थाएं हैं और प्रस्तावित व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए लाभकारी साबित होगा। इस समझौते का लक्ष्य 2030 तक भारत-अमेरिका व्यापार को 191 अरब डॉलर से बढ़ाकर 500 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।
@MUSKAN KUMARI







