भवानीपुर में शक्ति प्रदर्शन: अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी ने भरा नामांकन

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को भवानीपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन से पहले अमित शाह और शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर में रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया। यह रोड शो हाजरा क्रॉसिंग से शुरू होकर विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए सर्वे बिल्डिंग तक पहुंचा, जहां अधिकारी ने आधिकारिक रूप से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य भी मौजूद रहे।

रोड शो के दौरान अमित शाह ने ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भवानीपुर में उमड़ा जनसैलाब बंगाल में बदलाव का संकेत है और तृणमूल कांग्रेस सरकार की विदाई तय है। शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार के कार्यकाल में तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार, घुसपैठ और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है।

उन्होंने जनसभा में कहा कि “पूरा बंगाल ममता बनर्जी की विदाई के लिए तैयार है” और इस बार भाजपा राज्य में सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर सख्ती बरतने और सीमा को सील करने की बात भी दोहराई।

इस दौरान भवानीपुर क्षेत्र में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी देखने को मिली, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

भाजपा नेताओं के अनुसार, अमित शाह की मौजूदगी यह दर्शाती है कि पार्टी भवानीपुर सीट को लेकर गंभीर है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी यहां चुनाव प्रचार करने की संभावना जताई जा रही है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल