पटना: बिहार में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति अब सामान्य हो गई है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के 3–4 दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी घर तक मिल रही है, जिससे एजेंसियों पर भीड़ खत्म हो गई है।
मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए केवाईसी प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है। अब इसे IndianOil ONE, Hello BPCL और HP Pay के जरिए घर बैठे पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि अवैध भंडारण, कालाबाजारी और व्यावसायिक दुरुपयोग के खिलाफ राज्यभर में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 25,560 निरीक्षण किए गए हैं, जिनमें 1,662 सिलेंडर जब्त किए गए और 114 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय है।
पीएनजी कनेक्शन को लेकर मंत्री ने बताया कि राज्य में 99,346 घरों में गैस आपूर्ति चालू है, जबकि 55,025 घरों में कनेक्शन तैयार हैं। करीब 3.39 लाख घरों में पाइपलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित किया जा चुका है और 17 जिलों में पाइपलाइन से गैस आपूर्ति हो रही है।
उन्होंने कहा कि पहले हर महीने 3,000–3,500 पीएनजी कनेक्शन दिए जाते थे, जो अब बढ़कर मार्च 2026 में 8,000 प्रति माह हो गए हैं।
कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए मंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में 36.79 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद 5.40 लाख किसानों से की गई, जिस पर 8,807.47 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। वहीं रबी विपणन मौसम 2026-27 में गेहूं की खरीद 1 अप्रैल से और मसूर की खरीद 10 अप्रैल से 31 मई तक की जाएगी।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि शादियों के सीजन में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो के छोटे गैस सिलेंडर की भी व्यवस्था की गई है।
@MUSKAN KUMARI






