बिहार में सर्दी का कहर, पटना समेत 36 जिलों में कोल्ड डे, गयाजी सबसे ठंडा

बिहार इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है। राजधानी पटना समेत राज्य के 36 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की गई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गुरुवार को गयाजी राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान महज 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान भी 19.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। ठंड और ठिठुरन ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार के कम से कम छह जिलों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज हुआ है। गयाजी के अलावा बिक्रमगंज और सबौर में भी शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। दक्षिण-पश्चिम बिहार में धूप की कमी और तेज ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर और अधिक बढ़ गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है।

पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी सहित कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जो करीब 10 बजे तक बना रहा। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। धूप देर से निकलने और ठंडी हवाओं के चलते दिनभर सर्द मौसम बना रहा।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कोल्ड डे और शीतलहर की संभावना जताई है। गयाजी, बिक्रमगंज और सबौर सहित कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और सर्दी-जुकाम से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल