बिहार में न्याय व्यवस्था को दहलाने की साज़िश का सनसनीख़ेज़ मामला सामने आया है। सीवान, बेगूसराय, भागलपुर और मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक और न्यायिक तंत्र में अफ़रा-तफ़री मच गई। सबसे पहले बेगूसराय जिला जज को धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसके तुरंत बाद कोर्ट परिसर खाली कराने का आदेश जारी किया गया। माइक से घोषणा कर वकीलों, मुवक्किलों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और टेक्निकल टीम को मौके पर तैनात किया गया। इसी दौरान मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को भी ई-मेल के ज़रिए धमकी मिली, जिसके बाद वहां भी कोर्ट परिसर को एहतियातन खाली करा लिया गया।
सीवान में एसपी और डीएम को भेजे गए धमकी भरे मेल के बाद दोपहर 12 बजे तक कोर्ट परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई। वहीं भागलपुर सिविल कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर आए मेल के बाद प्रशासन ने पत्र संख्या 50/2026 के ज़रिए जिला प्रशासन और पुलिस को अलर्ट किया। कोर्ट परिसर में एंटी-बम स्क्वॉड, एंटी-सैबोटेज टीम और स्निफिंग डॉग स्क्वॉड से सघन तलाशी की मांग की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी मामलों को आपस में जोड़कर देखा जा रहा है। साइबर सेल ई-मेल के सोर्स, आईपी एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट की गहन जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि यह दहशत फैलाने की साज़िश हो सकती है, लेकिन किसी भी खतरे को हल्के में नहीं लिया जाएगा। फिलहाल सभी प्रभावित जिलों में कोर्ट परिसरों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।
@MUSKAN KUMARI







