नीतीश कुमार ने शनिवार को बांस घाट क्षेत्र स्थित विद्युत शवदाह गृह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन अत्याधुनिक शवदाह गृह परिसर की प्रगति और अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शवदाह गृह परिसर का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यहां अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग आते हैं, इसलिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
सड़क परियोजना की भी समीक्षा
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिरी नाला परियोजना के तहत बन रही दो-लेन संपर्क सड़क के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। यह सड़क नेहरू पथ (बेली रोड) के आयकर चौराहा से दानापुर-बांकीपुर पथ के बांस घाट होते हुए जेपी गंगा पथ से जुड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसे बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से दोनों प्रमुख मार्गों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सम्राट चौधरी, संजय कुमार झा, श्याम रजक, अरविंद कुमार, दीपक कुमार, कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, अनिमेष पराशर, डॉ. त्यागराजन एस.एम. और कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
@MUSKAN KUMARI






