बांका में रफ्तार का कहर: मामा की शादी में आया 7 साल का मासूम कुचला, खुशियां मातम में बदलीं

अमरपुर के कुल्हाड़िया मोड़ पर तेज रफ्तार बस ने ली जान; गुस्साए ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को पकड़ा

बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामा की शादी में शामिल होने आया 7 वर्षीय मासूम सड़क हादसे का शिकार हो गया। यह दर्दनाक हादसा कुल्हाड़िया मोड़ के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बस ने बच्चे को कुचल दिया।

मृतक की पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई है, जो अपने ननिहाल शादी समारोह में शामिल होने आया था। घर में ढोल-नगाड़ों और शहनाइयों की गूंज के बीच खुशियों का माहौल था, लेकिन एक पल में सब कुछ मातम में बदल गया।

बताया जाता है कि मंगलवार सुबह प्रिंस एक दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान देवघर से भागलपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

प्रिंस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और तीन बहनों का अकेला भाई। उसके पिता पंकज मलिक पीरपैंती नगर पंचायत में सफाई कर्मी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने उसका पीछा कर भागलपुर रोड पर कजरेली के पास उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल