नई दिल्ली: संसद में लंबे गतिरोध के बाद बुधवार को लोकसभा में बजट 2026 पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सरकार की आर्थिक और वैश्विक नीति पर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में मार्शल आर्ट जिजित्सु का जिक्र करते हुए कहा कि जिजित्सु में पकड़ और दबाव साफ दिखाई देता है, लेकिन राजनीति में यह स्पष्ट नहीं होता कि दबाव कहां और कैसे बन रहा है।
उन्होंने आर्थिक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है। पहला, भू-राजनीतिक प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है और अमेरिका आधारित वैश्विक व्यवस्था को रूस और चीन चुनौती दे रहे हैं। दूसरा, ऊर्जा और वित्त को अब हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया स्थिरता से अस्थिरता की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने कहा था कि युद्ध का समय खत्म हो चुका है, लेकिन यूक्रेन और ईरान जैसे क्षेत्रों में जारी संघर्ष इस धारणा को गलत साबित करते हैं।
उन्होंने कहा कि इन वैश्विक परिस्थितियों के बीच देश की 140 करोड़ जनता के सामने नई और जटिल चुनौतियां खड़ी हो गई हैं, जिनसे निपटने के लिए स्पष्ट रणनीति की जरूरत है।
@MUSKAN KUMARI






