केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला। कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद बंगाल से ममता बनर्जी की अगुवाई वाली “भ्रष्ट सरकार” की विदाई होकर रहेगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद राज्य में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी।
अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आह्वान किया कि आज से मतगणना तक वे केवल और केवल भाजपा की जीत के लिए कमल के निशान पर समर्पित होकर काम करें। उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे पर ममता सरकार को घेरते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट के उस निर्देश का स्वागत किया, जिसमें बंगाल सरकार को भारत–बांग्लादेश सीमा पर बिना बाड़ वाले क्षेत्रों में तारबंदी के लिए 31 मार्च तक बीएसएफ को जमीन सौंपने को कहा गया है। शाह ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में बताया और कहा कि यह निर्देश ममता सरकार के “मुंह पर तमाचा” है।
शाह ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तारबंदी का काम पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में घुसपैठ और भ्रष्टाचार को संस्थागत दर्जा मिल गया है। आगामी विधानसभा चुनावों को बंगाल के लिए निर्णायक बताते हुए शाह ने पार्टी नेताओं को जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए और कहा कि इस बार टिकट प्रदर्शन के आधार पर ही दिया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI







