पश्चिम सिंहभूम में सनसनी: बेटे ने पिता की पीट-पीटकर हत्या की, मां गंभीर

घर निर्माण को लेकर विवाद ने लिया खूनी रूप, आरोपी फरार; गांव में दहशत का माहौल

पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के बाईहातू गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस वारदात में बीच-बचाव करने आई सौतेली मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, नए घर के निर्माण के लिए जगह के चयन को लेकर पिता सत्यवान पान और उनके बेटे प्रकाश पान के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह बहस हिंसक रूप ले बैठी और आरोपी बेटे ने अपना आपा खोते हुए आंगन में ही अपने पिता पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बीच-बचाव में आई मां पर भी हमला

घटना के दौरान जब सौतेली मां यशोदा देवी ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभालने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल यशोदा देवी को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रकाश पान फरार हो गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी तेज कर दी है।

गांव में डर और आक्रोश का माहौल

इस जघन्य घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना बेहद चिंताजनक है।

गौरतलब है कि झारखंड में हाल के दिनों में घरेलू हिंसा की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है, जो समाज में बढ़ती असहिष्णुता और आक्रोश की ओर इशारा करती है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल