पश्चिम एशिया युद्ध के बीच LPG को लेकर अफवाहें तेज, प्रशासन बोला—बिहार में गैस की कोई कमी नहीं

पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच देशभर में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम आपूर्ति को लेकर चिंता का माहौल बनता दिख रहा है। बिहार में भी कई जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडर की कमी की चर्चा सामने आई है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जबकि कुछ गैस एजेंसियों का कहना है कि पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।

हालांकि प्रशासन ने इस मामले को लेकर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष पाराशर और बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने लोगों से कहा है कि वे घबराकर गैस सिलेंडर की अतिरिक्त खरीदारी या जमाखोरी न करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडर की जमाखोरी करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है।

पटना के जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सभी गैस कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि गैस बुकिंग की व्यवस्था पहले की तरह सुचारु रूप से चल रही है, जिसमें मिस्ड कॉल, एसएमएस/आईवीआरएस, व्हाट्सएप और ओटीपी के माध्यम से बुकिंग की जा सकती है। साथ ही गैस की अगली बुकिंग के लिए 25 दिनों का अंतराल तय किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस मुद्दे पर गैस कंपनियों के एरिया ऑफिसर्स, फील्ड ऑफिसर्स, अपर जिला दंडाधिकारी (आपूर्ति) और सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने अधिकारियों को गैस डीलरों और वितरकों के यहां नियमित निरीक्षण और छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ब्लैकमार्केटिंग और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की भी हिदायत दी गई है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल