नई दिल्ली।
केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कार 2026 की घोषणा कर दी है। इस वर्ष कुल 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी गई है, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन सम्मानों को प्रदान करने की स्वीकृति दी है।
इस बार के पद्म विभूषण पुरस्कारों में सिनेमा और राजनीति जगत की दो बड़ी हस्तियों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया है। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वामपंथी नेता वी.एस. अच्युतानंदन को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा गया है।
इसके अलावा, केरल से ही पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश के.टी. थॉमस, शिक्षाविद् पी. नारायणन, और प्रख्यात वायलिन वादक एन. राजम को भी पद्म विभूषण प्रदान किया जाएगा।
पूर्व झारखंड मुख्यमंत्री और आदिवासी नेता दिवंगत शिबू सोरेन को उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्म भूषण पाने वालों में प्रमुख नाम
इस वर्ष पद्म भूषण से सम्मानित होने वालों में अभिनेता ममूटी, प्रसिद्ध गायिका अलका याज्ञनिक, उद्योगपति और बैंकर उदय कोटक, तथा टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी विजय अमृतराज जैसे चर्चित नाम शामिल हैं।
राज्यों की भागीदारी
पद्म पुरस्कार 2026 की सूची में केरल से 8, पश्चिम बंगाल से 11 और तमिलनाडु से 13 हस्तियों को सम्मानित किया गया है। उल्लेखनीय है कि ये तीनों राज्य इस समय चुनावी प्रक्रिया में हैं।
क्या हैं पद्म पुरस्कार
पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं और इन्हें तीन श्रेणियों में प्रदान किया जाता है—
पद्म विभूषण: असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए
पद्म भूषण: उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए
पद्म श्री: किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए
ये पुरस्कार सामाजिक कार्य, सार्वजनिक जीवन, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, उद्योग, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, खेल, कला और सिविल सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए दिए जाते हैं।
पद्म पुरस्कारों का औपचारिक सम्मान समारोह हर वर्ष मार्च-अप्रैल के दौरान राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया जाता है, जहां राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
@MUSKAN KUMARI







