पटना: बिहार की सियासत में हलचल के बीच राजधानी पटना स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के बाहर लगे एक पोस्टर ने नया विवाद खड़ा कर दिया। पोस्टर में सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई थी, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं।
पोस्टर में न सिर्फ नेतृत्व परिवर्तन की बात कही गई थी, बल्कि ठेकेदारी प्रथा खत्म करने की भी मांग उठाई गई थी। हालांकि, पोस्टर लगने के कुछ ही घंटों के भीतर कार्यालय के कर्मचारियों और मौजूद कार्यकर्ताओं ने इसे फाड़कर हटा दिया।
इस घटनाक्रम के बाद मामला और गरमा गया। पार्टी के मीडिया प्रमुख दानिश इकबाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पोस्टर किसने लगाया और किसने हटाया, इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने साफ किया कि इस पोस्टर से बीजेपी का कोई आधिकारिक संबंध नहीं है और पार्टी का कोई कार्यकर्ता इस तरह की गतिविधि में शामिल नहीं है।
गौरतलब है कि राज्य की राजनीति में नीतीश कुमार के संभावित राज्यसभा जाने और नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं पहले से ही तेज हैं। ऐसे में इस पोस्टर प्रकरण ने सियासी अटकलों को और हवा दे दी है।
@MUSKAN KUMARI






