पटना हाईकोर्ट में ई-फाइलिंग सेंटर का उद्घाटन, पेपरलेस कोर्ट की दिशा में बड़ा कदम

पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संगम कुमार साहू ने हाईकोर्ट परिसर में नए ई-फाइलिंग सेंटर का उद्घाटन किया। इसे न्यायिक व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम माना जा रहा है।

इस मौके पर जस्टिस राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि ई-फाइलिंग सेंटर से तकनीकी सेवाओं को आधुनिक बनाने में तेजी आएगी और सभी प्रकार की फाइलिंग प्रक्रिया अधिक सुगम और त्वरित होगी। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के तहत कम्प्यूटरीकरण, डिजिटलीकरण और आधुनिक तकनीक के जरिए फाइलिंग की जाएगी, जिससे काम में पारदर्शिता और गति दोनों बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि अदालत को पूरी तरह पेपरलेस बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

चीफ जस्टिस साहू पहले भी ओडिशा में पेपरलेस कोर्ट व्यवस्था को बढ़ावा देते रहे हैं। फिलहाल पटना हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस का कोर्ट पेपरलेस हो चुका है और अन्य कोर्टों को भी चरणबद्ध तरीके से पेपरलेस बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के 31 जिलों में मार्च 2026 तक हर जिले के एक मजिस्ट्रेट कोर्ट और एक स्पेशल कोर्ट को पेपरलेस बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में तकनीक अपनाना जरूरी है, तभी न्यायिक व्यवस्था वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सकेगी।

कार्यक्रम में बिहार के महाधिवक्ता पीके शाही भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पहले जो काम मैन्युअल तरीके से होता था, अब वह कंप्यूटर के माध्यम से होने से वकीलों और उनके स्टाफ को बड़ी सुविधा मिलेगी। तकनीक के उपयोग से लंबित मामलों की संख्या कम करने और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर हाईकोर्ट के अन्य न्यायाधीश, अधिकारी और अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल