पटना विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव के मतदान के दौरान शनिवार को पटना साइंस कॉलेज परिसर में गोली चलने की सूचना से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि एक से दो राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद मतदान स्थल और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा बढ़ा दी गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एसडीपीओ राजेश रंजन ने बताया कि कॉलेज परिसर से एक खोखा बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हिरासत में
चुनाव के दौरान एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रिंकल यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वह जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार बताए जा रहे हैं और उनका संबंध तेज प्रताप यादव से जोड़ा जा रहा है।
हिरासत की खबर फैलते ही समर्थकों ने विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी।
कई पदों पर कड़ा मुकाबला
छात्रसंघ चुनाव में केंद्रीय पैनल के पांच पदों के लिए 41 और काउंसलर पद के लिए 45 उम्मीदवार मैदान में हैं।
अध्यक्ष पद: 11 उम्मीदवार
महासचिव: 9 उम्मीदवार
उपाध्यक्ष: 8 उम्मीदवार
संयुक्त सचिव: 6 उम्मीदवार
कोषाध्यक्ष: 7 उम्मीदवार
मतदान दोपहर 2:30 बजे तक हुआ, जबकि मतगणना शाम 4:10 बजे से पटना आर्ट्स कॉलेज में शुरू होगी।
प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है।
@MUSKAN KUMARI






