राजधानी पटना में ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए सरकार ने बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की रफ्तार तेज कर दी है। बिहटा-सरमेरा रिंग रोड से एम्स गोलंबर तक 10.5 किलोमीटर लंबी फोर-लेन सड़क का करीब 32 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। पथ निर्माण विभाग बिहार के मुताबिक, अगर काम तय योजना के अनुसार चलता रहा तो जनवरी 2027 तक यह सड़क आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी।
यह फोरलेन सड़क रिंग रोड के नेवा अंडरपास से जुड़कर सीधे AIIMS Patna तक सुगम संपर्क स्थापित करेगी। सरकार का दावा है कि इस कनेक्टिविटी से राजधानी में आवागमन की तस्वीर बदल जाएगी और एम्स आने-जाने वाले मरीजों व उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।
बिहटा की ओर से आने वाले लोग कन्हौली होते हुए बिहटा-सरमेरा रिंग रोड से करीब 21 किलोमीटर की दूरी तय कर नेवा पहुंचेंगे, जबकि दनियावां की तरफ से आने वालों को लगभग 35 किलोमीटर का सफर तय करना होगा। नई सड़क बनने से शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
18 फरवरी को जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने एम्स गोलंबर-जानीपुर-पईनापुर-नेवापथ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण पर 138.50 करोड़ रुपये और पुल निर्माण पर 73.06 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नौबतपुर लख के पास फ्लाइओवर का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा कराया जा रहा है।
सियासी गलियारों में इस परियोजना को राजधानी के लिए “गेम चेंजर” बताया जा रहा है। तय समय पर काम पूरा हुआ तो पटना की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
MUSKAN KUMARI







