राजधानी पटना में बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त के दावों की पोल खोल दी है। कंकड़बाग थाना क्षेत्र के पीसी कॉलोनी में होली की छुट्टियों का फायदा उठाकर चोरों ने एक साथ तीन बंद फ्लैटों को निशाना बनाया। इस वारदात में रिटायर्ड कर्नल और एक डॉक्टर के घर से करोड़ों रुपये के गहने और भारी नकदी चोरी कर ली गई।
जानकारी के अनुसार, पीसी कॉलोनी स्थित मकान में रहने वाले तीनों परिवार होली का त्योहार मनाने अपने पैतृक गांव गए हुए थे। मकान बंद होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने पहले रेकी की और फिर एक के बाद एक तीन फ्लैटों के ताले तोड़ दिए। घटना की जानकारी तब हुई जब पड़ोसियों और मकान मालिक को घरों के ताले टूटे होने का पता चला।
चोरी की इस बड़ी वारदात में भारतीय सेना के रिटायर्ड कर्नल जनार्दन सिंह का फ्लैट भी शामिल है। इसके अलावा उनके किरायेदार और प्रसिद्ध गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉक्टर अभिषेक के फ्लैट में भी चोरों ने जमकर लूटपाट की। तीसरा फ्लैट जहानाबाद निवासी एक अन्य किरायेदार का बताया जा रहा है।
पीड़ित परिवारों के अनुसार, चोरों ने घरों की अलमारी और लॉकर तोड़कर करोड़ों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और लाखों रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। तीनों फ्लैटों से चोरी गई संपत्ति का कुल आंकड़ा करोड़ों में बताया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही कंकड़बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान तीन संदिग्ध नकाबपोश युवक आते-जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी टीम की मदद ली है।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि चोरों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI






