पटना
40 साल पुराने जमीन विवाद में रिसेप्शन पार्टी बनी रणक्षेत्र, 24 राउंड से अधिक चली गोलियां
पटना | एशियन टाइम्स ब्यूरो | रिपोर्ट: तनवीर आलम शेख
पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में रविवार रात एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब हथियारबंद बदमाशों ने रिसेप्शन पार्टी में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शाहपुर निवासी मनीष कुमार और उनके छोटे भाई मंजीत गांव के ही दौलत राय के बेटे विक्की की रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे। खेत में पंडाल लगाकर भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे 10-12 की संख्या में हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और दोनों भाइयों को घेर लिया। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और देखते ही देखते आरोपियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान 24 राउंड से अधिक फायरिंग हुई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों भाइयों को सिर और सीने में 5-6 गोलियां लगीं। मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मंजीत ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
40 साल पुराना जमीन विवाद बना हत्या की वजह
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, यह मामला करीब 6 बीघा पुश्तैनी जमीन को लेकर था। मनीष के पिता राजकिशोर राय उर्फ राजू राय और उनके गोतिया कृष्णा राय के बीच यह विवाद लगभग 40 वर्षों से कोर्ट में चल रहा था।
करीब पांच महीने पहले कोर्ट का फैसला राजकिशोर राय के पक्ष में आया था। आरोप है कि इसी रंजिश में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। गोली मारने का आरोप कृष्णा राय के बेटों और उनके सहयोगियों पर लगाया गया है।
पहले भी मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी
परिवार का दावा है कि मनीष और मंजीत को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं। कोर्ट परिसर में भी विवाद हुआ था। लगातार शिकायतों के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई, जिसके कारण यह घटना घटी।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में भारी बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी का घर मातम में बदल गया। ग्रामीणों में आक्रोश है और वे जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
एक शादी समारोह में हुई इस दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जमीन विवाद की आग कब तक लोगों की जान लेती रहेगी। 40 साल से चल रहा विवाद आखिरकार दो जिंदगियां निगल गया।
एशियन टाइम्स इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)







