पटना में वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, कानून व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

 

रिपोर्ट: एशियन टाइम्स टीम | स्थान: पटना, बिहार

राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वकील भी सुरक्षित नहीं बचे हैं। रविवार को दिनदहाड़े सुलतानगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने वकील जितेन्द्र कुमार महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना उनके घर से कुछ दूरी पर उस समय हुई जब वह रोज की तरह दोपहर में चाय पीने निकले थे।

चाय पीकर लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर तीन खोखे मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उन्हें बेहद नजदीक से निशाना बनाया गया।

गोली लगने के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें पीएमसीएच पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक जितेन्द्र कुमार महतो पेशे से वकील थे और सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करते थे। उनका घर मोहमदपुर में बताया जा रहा है, जो घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, वकीलों में भी इस हत्याकांड को लेकर आक्रोश है।

प्रशासन पर उठे सवाल:

पटना जैसे संवेदनशील शहर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर अपराधी इतने बेखौफ कैसे हो गए हैं कि खुलेआम एक वकील की गोली मारकर हत्या कर रहे हैं?

पुलिस जांच में जुटी:

सुलतानगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल से खोखे जब्त कर लिए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

 

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल