पटना में रंगदारी और अवैध कब्जे का सनसनीखेज मामला, ₹12 लाख की मांग पर जमीन की चारदीवारी तोड़ी

पटना | एशियन टाइम्स ब्यूरो

पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में रंगदारी और अवैध कब्जे का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेली रोड छोटी रुकनपुरा निवासी सुशील कुमार उर्फ मिक्की कुमार ने बंटी उर्फ सुजीत कुमार पर ₹12 लाख की रंगदारी मांगने, जमीन की चारदीवारी तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में फुलवारी शरीफ थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है और न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित सुशील कुमार के अनुसार, कुरकुरी मौजा में उनकी दो कट्ठा सात धुर जमीन है, जिसकी विधिवत चारदीवारी कराई गई थी। आरोप है कि 15 दिसंबर को बंटी उर्फ सुजीत कुमार उनके पास आया और ₹12 लाख रंगदारी की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने चारदीवारी तोड़ने और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचा और जबरन जमीन की बाउंड्री तोड़कर पीड़ित को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

सुशील कुमार ने यह भी आरोप लगाया है कि बंटी खुलेआम यह कहता है कि थाना पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती, क्योंकि उसका बड़े-बड़े लोगों से उठना-बैठना है। इस तरह की धमकियों से पीड़ित और उसका पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है।

पीड़ित सुशील कुमार उर्फ मिक्की, स्वर्गीय अयोध्या सिंह के पुत्र हैं। उन्होंने थाना में दिए गए आवेदन में मामले में त्वरित जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं इस मामले पर फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एशियन टाइम्स इस मामले में पुलिस कार्रवाई और आगे के घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल