पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र स्थित मोजक्का टोला गांव के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सोन नहर में जा गिरी। दुर्घटना में जितेंद्र कुमार (56) और उनकी पत्नी मालती देवी (45) की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग समय रहते कूदकर सुरक्षित बच निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार काफी तेज थी और चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सीधे गहरी नहर में समा गई। पानी का स्तर अधिक होने के कारण चालक और महिला बाहर नहीं निकल सके।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कार और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नहर किनारे रैलिंग लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
@MUSKAN KUMARI






