नीतीश कुमार के MLC पद छोड़ने पर RJD का हमला, BJP पर जबरन इस्तीफा दिलाने का आरोप
पटना |
बिहार की राजनीति में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद (MLC) सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इस कदम के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है और सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
इसी कड़ी में राजद नेता रोहिणी आचार्य ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि बिहार में भाजपा का “ऑपरेशन फिनिश नीतीश” पूरा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की इच्छा के विरुद्ध उन पर दबाव बनाकर इस्तीफा लिया गया।
रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में लिखा कि “चाचा जी किए गए बिहार से तड़ीपार… अंततः उनके न चाहते हुए भी इस्तीफा ले लिया गया।” उन्होंने आगे कहा कि सत्ता से जुड़े फैसलों का परिणाम अब सामने आ गया है और यह स्थिति स्वयं के निर्णयों का परिणाम है।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधान परिषद की सदस्यता छोड़ चुके हैं। उनका इस्तीफा विधिवत रूप से परिषद के सभापति को सौंपा गया। इस दौरान जदयू के कई नेता, जिनमें संजय गांधी, संजय श्रॉफ और मंत्री विजय चौधरी शामिल हैं, विधान परिषद पहुंचे।
इस्तीफे के बाद जदयू नेताओं के भावुक बयान भी सामने आए हैं, वहीं विपक्ष लगातार भाजपा पर निशाना साध रहा है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में नए समीकरणों और संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
@MUSKAN KUMARI






