दिल्ली विधानसभा बजट सत्र शुरू: खीर सेरेमनी के साथ आगाज, विपक्ष का बहिष्कार

महिलाओं के स्वास्थ्य, प्रदूषण और परिवहन पर फोकस के संकेत; पीएम मोदी के अभिनंदन प्रस्ताव को मंजूरी

नई दिल्ली:

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया, जिसकी शुरुआत पारंपरिक ‘खीर सेरेमनी’ के साथ की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रियों और स्कूली छात्राओं के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सरकार लगातार दूसरी बार बजट पेश करने जा रही है, जिसे विकासोन्मुखी और जनहितकारी बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बजट 2026-27 दिल्ली के विकास को नई गति देने वाला होगा और इससे लोगों के जीवनस्तर में सुधार आएगा। उन्होंने इसे सरकार के विजन को आगे बढ़ाने वाला बजट बताया।

सत्र के पहले दिन सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय (8931 दिन) तक सरकार चलाने के रिकॉर्ड पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने प्रस्ताव पर सदन की सहमति ली, जिसे ध्वनिमत से मंजूरी मिल गई।

हालांकि, सत्र की शुरुआत विपक्ष के हंगामे और बहिष्कार के साथ हुई। आम आदमी पार्टी ने चार विधायकों के निलंबन के विरोध में पूरे सत्र के पहले दिन सदन से दूरी बनाई। ये विधायक—संजिव झा, कुलदीप कुमार, सोमदत्त और जरनैल सिंह—पूर्व सत्र में उपराज्यपाल के अभिभाषण के दौरान हंगामे के आरोप में निलंबित किए गए थे।

विधानसभा के बाहर विपक्ष का विरोध भी जारी रहा। नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबा रही है और लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन नहीं किया जा रहा।

बजट से पहले सरकार के संकेत

बजट पेश होने से पहले ही सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं के संकेत दे दिए हैं। इस बार महिलाओं के स्वास्थ्य, प्रदूषण नियंत्रण और आधुनिक परिवहन व्यवस्था पर विशेष जोर रहने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, महिलाओं के स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बजट का बड़ा हिस्सा आवंटित किया जा सकता है।

पिछले से बड़ा हो सकता है बजट

वित्त वर्ष 2025-26 में एक लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था, जो उससे पहले के मुकाबले 31.5 फीसदी अधिक था। इस बार का बजट इससे भी बड़ा होने के आसार हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार की घोषणाएं जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी साबित होती हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल